Uttar Pradesh

तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव की शुरूआत 30 जनवरी से,जयवीर सिंह करेंगे उद्घाटन

—महोत्सव में भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’,सांसद रविकिशन,पवन सिंह भी भाग लेंगे

वाराणसी,28 जनवरी (Udaipur Kiran) । तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव में दिग्गज भोजपुरी अभिनेता गायक पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’,भाजपा सांसद अभिनेता रविकिशन,अभिनेता गायक पवन सिंह भी शामिल होंगे। महोत्सव की शुरूआत 30 जनवरी से होगी। महोत्सव में युवा भोजपुरी गायक मोहन राठौर, आलोक कुमार सहित 25 गायक अपने गायकी से महोत्सव में चार चांद लगाएंगे। इसका उद्घाटन प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह ने महोत्सव की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिंडरा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में महोत्सव का आयोजन होगा। पहले दिन महोत्सव के उद्घाटन के बाद पिंडरा विधानसभा की उपलब्धियों को आम जनमानस के समक्ष रखा जाएगा। पहले दिन महोत्सव में सात कलाकारों की प्रस्तुति होगी। इसमें गायक गोपाल राय, मनोहर सिंह, आल्हा गायक फौजदार सिंह, अलका सिंह, गोलू राजा, छोटू आदि है। एक फरवरी को समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा सांसद व अभिनेता रवि किशन और पवन सिंह भी शामिल होंगे। महोत्सव में प्रगतिशील किसानों, बुद्धिजीवियों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों, मेधावी विद्यार्थियों और कलाकारों का सम्मान भी होगा।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top