Maharashtra

मुंबई के तीन भाजपा विधायक डेंजर जोन में, पहली सूची में नहीं मिला टिकट

मुंबई, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भाजपा ने 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, लेकिन मुंबई की तीन सीटों पर सस्पेंस बरकरार रखा है। इसमें भाजपा के तीन सिटिंग एमएलए डेंजर जोन में हैं। बोरीवली से सुनील राणे, वर्सोवा से भारती लवेकर और घाटकोपर पूर्व के पराग शाह का टिकट कटने की तलवार लटक रही है।

भाजपा ने मुंबई की 14 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। पिछले चुनाव में भाजपा ने मुंबई की 36 में से 19 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। बोरीवली, वर्सोवा और घाटकोपर पूर्व पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है। उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा होने से पहले ही ऐसी चर्चा थी कि इन विधायकों का टिकट काटा जाएगा। इसमें विधायक राम कदम का नाम भी चर्चा में था। लेकिन राम कदम की उम्मीदवारी की घोषणा हो चुकी है। ये देखना अहम होगा कि क्या बचे हुए तीन विधायकों को फिर मौका मिलेगा? फिलहाल चर्चा है कि भारती लवेकर की जगह पार्टी इकाई उत्तर भारतीय मोर्चा के नेता संजय पांडे को वर्सोवा से उम्मीदवार बनाया जाएगा. जबकि बोरीवली विधानसभा क्षेत्र से सुनील राणे की जगह पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी को टिकट देकर उन्हें खुश किया जाएगा। बीते लोकसभा चुनाव में शेट्टी का टिकट काटकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को चुनाव में उतारा गया था। उस वक्त चर्चा थी कि गोपाल शेट्टी नाराज हैं। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने शेट्टी से बातचीत करके उनकी नाराजगी दूर की थी। वहीं घाटकोपर पूर्व से मौजूदा विधायक पराग शाह की जगह प्रकाश मेहता को उम्मीदवारी दिए जाने की चर्चा हो रही है।

दो सीटों पर मंथन जारी

अंधेरी पूर्व, दिंडोसी, मालाड और कालिना सीट को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) से विवाद चल रहा था। भाजपा ाहती थी कि शिंदे गुट मालाड सीट लेकर अंधेरी पूर्व दे दे और कालिना के बदले दिंडोशी ले ले। लेकिन शिंदे गुट अंधेरी से एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा की पत्नी को लड़ाना चाहता है। इसलिए बात नहीं बनी। भाजपा ने मालाड से मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार के भाई विनोद शेलार का नाम घोषित किया है। वहीं कालिना और दिंडोशी सीट पर शिंदे गुट के साथ मंथन जारी है।

(Udaipur Kiran) / वी. कुमार

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top