
दुमका, 15 मई (Udaipur Kiran) । नाला के गंदे पानी के विवाद में बुधवार की देर शाम गला काटकर हत्या को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने आईआरबी जवान की पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर गुरूवार को जेल भेज दिया। नाला के विवाद में फूलचंद साह उर्फ छोटू ने शिक्षक मनोज सिंह की पत्नी 55 साल की विमला देवी की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी थी। रात करीब एक बजे तक पुलिस घटनास्थल की जांच करती रही।
हमले में घायल मनोज सिंह को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल से रांची रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद कर ली है। पुलिस ने मनोज सिंह के बयान पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए छोटू एवं उसके अवकाश पर आए उसके पिता हजारीबाग के चौपारण थाना में एएसआई लालचंद्र साह और पड़ोस में रहने वाले रांची में पदास्थापित इंडिया रिजर्व बटालियन (आइआरबी) के इंस्पेक्टर अक्षय वृहस्पति झा की पत्नी रागिनी झा को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार विमला देवी का फुलचंद झा उर्फ छोटू से नहीं बल्कि रागिनी झा के साथ गंदा पानी को लेकर विवाद चल रहा था। झगड़े के बाद रागिनी ने ही छोटू को फोन कर बुलाया था। छोटू रागिनी के बेटे को टयूशन पढ़ाता था और दोनों में मधुर संबंध भी था। पोस्टमार्टम के बाद नगर थाना की पुलिस ने शव को मृतका के भतीजे को सौंप दिया है। वह शव लेकर पैतृक घर देवघर के सांरवा लेकर चला गया। वहां पर विमला देवी के शव का अंतिम संस्कार किया होगा।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि फुलचंद साह उर्फ छोटू और रांची में तैनात आइआरबी के जवान की पत्नी रागिनी घर का सारा गंदा पानी बीच सड़क में बहा देती थी। विमला देवी का घर ढलान में था, इसलिए सारा पानी उनके दरवाजे पर जाकर ठहर जाता था। इस बात को लेकर एक साल से रागिनी और विमला में विवाद चल रहा था। बुधवार की शाम मनोज सिंह सब्जी लेकर घर आए तो रागिनी ने उनकी बाइक रोक ली और विमला देवी की शिकायत की। इसके बाद विमला देवी भी मौके पर पहुंच गई और दोनों महिला आपस में उलझ गई। इसी बीच रागिनी ने फोन कर आउटडोर स्टेडियम में मौजूद फुलचंद साह उर्फ छोटू को सारी बात बताई। इसके बाद फुलचंद साह उर्फ छोटू घर पहुंचा तो दोनों महिलाओं के बीच जमकर कहासुनी हो रही थी। छोटू का यह बर्दाश्त नहीं हुआ कि कोई उसके सामने रागिनी को बुरा भला कहे। वह घर से तलवार लेकर आया और विमला देवी के गर्दन पर प्रहार कर एक ही झटके में गर्दन को धड़ से अलग कर दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
