Delhi

शोरूम से एक करोड़ की चोरी के मामले में तीन  गिरफ्तार 

नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । दक्षिण पूर्वी जिला एंटी नारकोटिक्स टीम ने बीते महीने कल्याण ज्वैलर्स व अन्य शोरूम में चोरी करने वाले तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। दक्षिण पूर्वी जिले के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गये आरोपितों में एक सेंधमार और दो रिसीवर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब एक करोड़ के गहने बरामद किए हैं। पुलिस ने करीब 100 ग्राम हीरे, 57 ग्राम सोने के सिक्के व 10 ग्राम सोने की चेन के अलावा वारदात में इस्तेमाल पेंचकस भी बरामद किया है। आरोपितों की पहचान सेंधमार शोएब उर्फ लल्ला निवासी गुरु नानक कॉलोनी, भलस्वा डेयरी और दो अन्य रिसीवर मदनगीर निवासी सुमित सोनी व तिगड़ी निवासी मानिक कदम के रूप में हुई है।

सुमित साल 2017 में मुंबई स्थित कल्याण ज्वैलर्स के शोरूम में काम करता था। पेशे से सुमित और मानिक कदम दोनों सुनार हैं। सुमित पर पहले से पांच व शोएब पर आठ मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में पहले आरोपित ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने बताया कि सेंधमार से सारे गहने 32 लाख में खरीदे जाने की बात तय हुई थी, जिसमें से 6.6 लाख का भुगतान इसे तत्काल कर दिया गया था। उसने चोरी के सारे गहने सुमित सोनी को बेच दिए थे। बाद में उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पेंचकस के अलावा उक्त गहने मदनगीर इलाके में छापेमारी करके बरामद कर लिये गए और साथ ही आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सुमित ने बताया कि उसने हीरे अलग करने के बाद सोना आठ लाख में मानिक कदम को बेच दिया था। सुमित के बयान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करके तिगड़ी से मानिक कदम को गिरफ्तार कर लिया। कदम की निशानदेही पर 57 ग्राम सोना बरामद हुआ। पुलिस पकड़े गये आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 15 जनवरी को लाजपत नगर निवासी सूरज कुमार ने उनके बेबी हग शोरूम में करीब 26 हजार की चोरी की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि तड़के तीन से 5.30 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसके बाद 29 जनवरी को पुलिस को लाजपत नगर स्थित कल्याण ज्वैलर्स के यहां हीरे व सोने के गहनों की चोरी की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता शोरूम के मैनेजर लिमाकर ने पुलिस को बताया कि सी-21 स्थित शोरूम से करीब डेढ़ करोड़ के गहने चोरी हो गए हैं। पुलिस पहुंची तो खिड़कियां टूटी हुईं थीं और गहने गायब थे। पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपित शोरूम में

दो बार चोरी करने पहुंचा था। पहली बार वह विफल रहा था।

जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में नकाबपोश और हाथों में दस्ताना पहने हुए चोर दिखाई दिया।

वह वाशरूम की खिड़की को तोड़कर अंदर प्रवेश करता दिखा। इसके अलावा पहली वारदात की फुटेज देखने पर आरोपित 14 जनवरी की रात छत के रास्ते शोरूम में घुसने की कोशिश करता दिखाई दिया। हालांकि तब विफल रहा और शोरूम की जगह बेबी हग शोरूम पर ही हाथ साफ कर दिया। 500 ज्यादा सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपित रिंग रोड से बाइक पर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज में बाइक सवार आरोपित का लगातार पीछा किया और एम्स के पास बाइक की नंबर प्लेट दिख गई। जांच में बाइक त्रिलोकपुरी निवासी अनिल कुमार गुप्ता के नाम पर दर्ज मिली। वह एक रैपिडो चालक था। उसने पुलिस को बताया कि उसने आरोपित को लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन के बाद छोड़ा था। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से आरोपित शोएब उर्फ लल्ला को ऋषिकेश, उत्तराखंड से दबोच लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top