CRIME

घर में घुसकर महिला से गैंगरेप, तीन आरोपित गिरफ्तार

Arrest

पश्चिम मेदिनीपुर, 06 जून (Udaipur Kiran) । जिले के घाटाल में घर में घुसकर एक महिला से गैगरेप करने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घाटाल शहर में एक दंपत्ति ने एक कमरे का मकान किराए पर लिया था। वे लंबे समय से उस इलाके में रह रहे हैं। महिला शारीरिक रूप से अक्षम है। वह सुन नहीं सकती। कथित तौर पर, बगल में मकान किराए पर लेने वाले तीन युवक गुरुवार रात उसके घर में घुस आए। उन्होंने महिला के साथ गैंगरेप किया।

पति ने आरोप लगाया कि जब वह घर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान देखे। पत्नी ने कहा कि उसके साथ बलात्कार किया गया था।

‘पीड़िता’ के पति के अनुसार, मैं रात (गुरुवार) को बाजार गया और दरवाजा बंद कर दिया। जब मैं वापस लौटा, तो मैंने पाया कि दरवाजा अंदर से बंद था। मैंने कुछ देर तक दरवाजा पीटा। आखिरकार, पत्नी ने दरवाजा खोला। मैं उसके शरीर पर सिगरेट से जलने के निशान देखकर चौंक गया।

महिला का फिलहाल घाटाल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कथित तौर पर, उसके साथ बलात्कार करने के बाद, उसके पड़ोसियों ने उसे सिगरेट से दागा।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपितों ने कुछ महीने पहले ही घर किराए पर लिया था। एक कमरे में तीन युवक रहते थे। कथित तौर पर, उन्होंने घर खाली पाकर विकलांग महिला का यौन उत्पीड़न किया। ‘पीड़िता’ के पति ने कहा कि मुझे इस घटना को अंजाम देने वालों के नाम नहीं पता। लेकिन मैं उनके चेहरे जानता हूं।

पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर शुक्रवार दोपहर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि शनिवार को तीनों को घाटाल महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। घटना की जांच शुरू हो गई है। कोर्ट में टीआई परेड के लिए अर्जी दी जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिस घर में यह घटना हुई, वहां कुछ मजदूर रह रहे थे। माना जा रहा है कि वे इस घटना में शामिल हैं। घटना की जांच चल रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top