
रामगढ़, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । श्री श्री राम नवमी पूजा महासमिति रामगढ़ में भव्य तरीके से त्योहार को मनाने जा रही है। नवरात्र के पहले मंगलवार को शहर में मंगल शोभा यात्रा निकाली जाएगी। एक अप्रैल को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार को शहर के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महासमिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू उर्फ भोपाली ने कहा कि कमेटी हजारों राम भक्तों के स्वागत की तैयारी कर चुकी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अखाड़े के सदस्य जुलूस और परंपरागत अस्त्रों के साथ रामगढ़ पहुंचेंगे। इस प्रेस वार्ता में महासमिति के मुख्य संरक्षक राजेश ठाकुर, छोटू वर्मा, संरक्षक सरदार अनमोल सिंह और कोषाध्यक्ष आशीष सिंहा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान राजेश ठाकुर ने बताया कि इस भव्य मंगला शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में श्रीराम भक्त सम्मिलित होंगे। सिद्धू-कान्हो मैदान से फुटबॉल ग्राउंड तक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। महासमिति के पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, शीतल पेयजल सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फुटबॉल मैदान में सभी राम भक्तों और सनातनियों के लिए महासमिति की ओर से शीतल पेयजल और महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से महासमिति के मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख प्रवीण कुमार सोनू, संदीप महतो, विशाल राणा, रोहित सोनी, जितेंद्र मंडल और जीतू साव, सनी करमाली, शौर्य प्रसाद सहित अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
