HEADLINES

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की निर्णायक यात्रा है यह अमृतकाल : गिरीराज सिंह

संबोधित करते गिरीराज सिंह

भागलपुर, 12 जून (Udaipur Kiran) । मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर भागलपुर के परिसदन में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट जयराम विप्लव, क्षेत्रीय प्रभारी अनिल ठाकुर, जिला अध्यक्ष संतोष शाह, मीडिया प्रभारी प्राणिक वाजपेई सहित पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साथ आत्मनिर्भरता और वैश्विक विश्वास की नई इबारत लिखी है। यह अमृतकाल, भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की निर्णायक यात्रा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। बालाकोट स्ट्राइक से लेकर तेजस, ब्रह्मोस, आईएनएस विक्रांत और एस-400 जैसे अत्याधुनिक संसाधनों से भारत रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है। नक्सलवाद पर निर्णायक कार्रवाई से हिंसा में 70 प्रतिशत की गिरावट आई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि टेक्नोलॉजी के जरिए पारदर्शिता और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है। 24 लाख करोड़ से अधिक डिजिटल लेन-देन और 97 करोड़ इंटरनेट यूजर भारत की डिजिटल क्रांति का प्रमाण हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डीबीटी के माध्यम से 44 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजे गए। जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई। इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य हुए हैं। प्रतिदिन 34 किमी हाईवे निर्माण, 136 वंदे भारत ट्रेनें, और 103 अमृत भारत स्टेशन देश की तेज़ गति से बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं। उड़ान योजना से हवाई यात्रा आम आदमी की पहुंच में आई है। केंद्रीय ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 3.7 लाख करोड़ और फसल बीमा योजना से 1.75 लाख करोड़ से अधिक की सहायता दी गई है। पर्यावरण संरक्षण में भी भारत अग्रणी बना है। धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण और काशी-महाकाल कॉरिडोर जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना को पुनः जागृत कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति, एम्स, आईआईटी, आईआईएम और यूनिवर्सिटीज की स्थापना से शिक्षा का नया युग शुरू हुआ है। आयुष्मान भारत योजना से 40 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य बीमा लाभ मिला है। पूर्वोत्तर अब ‘लुक ईस्ट’ से ‘लीड ईस्ट’ बन चुका है। 4.3 लाख करोड़ का निवेश, 10 नए एयरपोर्ट और कैंसर केयर नेटवर्क जैसी योजनाओं ने समावेशी विकास को नई दिशा दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Most Popular

To Top