Haryana

गुरुग्राम: महिला दिवस पर महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण करने पर होगा मंथन

गुरुग्राम के भाजपा कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने को लेकर बैठक लेती महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी।

-महिलाओं को अंगदान के लिए भी किया जाएगा प्रेरित

-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली होंगे मुख्य अतिथि

गुरुग्राम, 7 मार्च (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2025 को भारतीय जनता पार्टी महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण करने के रूप में मनाएगी। साथ ही महिलाओं को अंगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि देश में मानव अंगों का अधिक से अधिक दान करके लोगों का जीवन बचाया जा सके। यह बात भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कही।

उन्होंने कहा कि 8 मार्च शनिवार को होने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली मुख्य अतिथि होंगे। सुबह 10 बजे से यह भव्य कार्यक्रम शुरू होगा जिसमें प्रदेश भर की सेंकड़ों महिलाएं भाग लेंगी। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रमों में बीच फूलों की होली भी खेली जाएगी। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि इस बार केंद्रीय नेतृत्व द्वारा महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण विषय दिया गया है। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ चर्चा होगी और महिलाओं के हित की योजनाओं पर उन्हें जागरुक किया जाएगा।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया स्लोगन है। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागड़ोर संभाली है, तभी से महिलाओं के उत्थान के लिए, उनको सशक्त बनाने और महिलाओं की वित्तीय मजबूती के लिए बहुत सारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। हरियाणा प्रदेश में रहने वाली लाभार्थी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गुरुकमल में सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही साथ वीडियो कॉल और ऑडियो कॉल के माध्यम से उनके अनुभव सांझा भी किए जाएंगे। उषा प्रियदर्शी ने कहा कि इस आयोजन में महिला कार्यकर्ताओं के अलावा महिला मंत्रियों, महिला विधायकों व संगठन में पदों पर कार्यरत महिलाओं को भी आमंत्रित किया गया है। मंत्रियों, विधायकों, पार्षदों की पत्नियों को भी इस आयोजन में बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में करीब 2000 महिलाओं की उपस्थिति रहेगी।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top