
कटिहार, 07 जनवरी (Udaipur Kiran) । कटिहार के मनिहारी अनुमंडल अंतर्गत मनिहारी वार्ड संख्या सात में एक अजीब घटना घटी। बासुदेव सिंह के घर पर एक पत्थर गिरा, जिससे उनके घर में धुआं भर गया। यह घटना रविवार रात रात करीब 11 बजे की गया। सुबह जब बासुदेव सिंह ने अपने आंगन में देखा तो नारंगी रंग के अजीब पत्थर के टुकड़े बिखरे पड़े थे।
मंगलवार को मीडिया को उक्त घटना की जानकारी देते हुए बासुदेव ने बताया कि पड़ोस के बच्चों ने उनमें से एक टुकड़ा खेलते हुए अपनी जेब में रखा, लेकिन अचानक वह टुकड़ा जल उठा, जिससे बच्चे की पैंट और जांघ का हिस्सा जल गया। बच्चे ने जैसे-तैसे पत्थर को जेब से बाहर निकाला, लेकिन इस प्रयास में उसकी उंगली भी झुलस गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पत्थर के सभी टुकड़ों को एकत्रित कर अलग रखा गया। कुछ समय बाद, पत्थर के सभी टुकड़ों ने अपने आप आग पकड़ ली। इसे देखकर परिवार और पड़ोस के लोग दहशत में आ गए।
परिवार ने बचा हुआ एक टुकड़ा पानी में रखा, जो अब तक सुरक्षित है। घटना से यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि यह पत्थर उल्कापिंड हो सकता है। उल्कापिंड वायुमंडल में प्रवेश के दौरान अत्यधिक गर्म हो जाते हैं और धरती पर गिरने के बाद भी गर्म या प्रतिक्रियाशील हो सकते हैं। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी है और उनसे मदद की अपील की है।
—————
(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह
