शिमला, 17 मई (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्पष्ट किया है कि उन्हें मंत्री बनने की कोई चाह नहीं है और वे अपनी वर्तमान जिम्मेदारी से पूरी तरह संतुष्ट हैं। शनिवार को विधानसभा परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने यह बात कही। यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हैं और उनका नाम संभावित मंत्रियों की सूची में चर्चा में है।
प्रदेश के सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। मौजूदा कैबिनेट में एक पद रिक्त है जिसे भरने के लिए क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ-साथ राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखा जा रहा है।
वर्तमान में आठ विधानसभा सीटों वाले शिमला जिले से तीन मंत्री हैं जबकि सबसे बड़े जिले कांगड़ा (15 सीटें) से सिर्फ दो मंत्री चंद्र कुमार और यादविंद्र गोमा मंत्रिमंडल में शामिल हैं। वहीं चंबा जिला, जहां से कुलदीप पठानिया विधायक हैं, कोई भी मंत्री नहीं है। पठानिया का संबंध कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भी है, जिससे अब तक केवल दो मंत्री हैं। ऐसे में राजनीतिक विश्लेषक उन्हें मंत्री बनाए जाने की संभावना से जोड़ रहे हैं।
हालांकि इन अटकलों पर विराम लगाते हुए अध्यक्ष पठानिया ने साफ किया कि वे विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं और मंत्री बनने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश हित में जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है, वह उनके लिए गर्व की बात है।
मंत्रिमंडल में रिक्त पद के लिए कई नामों की चर्चा जोरों पर है। इनमें कांगड़ा से संजय रत्न और आशीष बुटेल, मंडी से चंद्रशेखर, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, सोलन से संजय अवस्थी के नाम शामिल हैं। वहीं महिला प्रतिनिधित्व के तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर (देहरा) और लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा भी रेस में मानी जा रही हैं।
रक्तदान शिविर के आयोजन को लेकर कुलदीप पठानिया ने विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों को बधाई दी और इसे प्रेरणादायक पहल बताया। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में भारतीय सेना द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि सेना ने एक बार फिर साहस और पराक्रम की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि पूरे देश को अपनी सेना पर गर्व है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
