Chhattisgarh

(संशाेधित) शहर से लगे हुए ग्राम रूद्री में तेंदुआ आने की खबर से ग्रामीणों में डर का माहौल

तेंदुए को ढूंढते हुए वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी।

धमतरी, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । घर से लगे बाड़ी के पास एक तेंदुए दिखाई देने से रूद्री के ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बाड़ियों को खंगाला, लेकिन पद चिन्ह समेत कोई सुराग नहीं मिला है। फिर भी सतर्कता के लिए गांव में मुनादी कराई गई है।

जिला मुख्यालय धमतरी से लगे ग्राम पंचायत रूद्री गली से नवागांव रोड किनारे ग्रामीण धनेश्वरी साहू के घर आए स्वजन रूपेश साहू समेत अन्य ने शाम को एक तेंदुए को बाड़ी से छलांग लगाते हुए देखा, तो स्वजनों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी लोगों ने वन विभाग को दी, तो मौके पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे। डा बच्चन के बाड़ी समेत आसपास जगहों में वन विभाग की टीम ने सुराग ढूंढा, लेकिन कुछ भी नहीं मिला। पैर का निशान भी नहीं मिला है। फिर भी वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने सतर्कता बरतने के उद्देश्य से गांव में तेंदुए आने पर जागरूक रहने के लिए मुनादी करा दी है। इधर ग्रामीण धनेश्वरी साहू का कहना है कि तेंदुए उसके घर के आसपास से गुजरा है, जिसे उनके स्वजन रूपेश साहू ने देखा है। इसी तरह एक ग्रामीण का कहना है कि उनके घर से एक मुर्गा गायब है। साथ ही बाड़ी व खेतों के पानी मटमैला हो चुका है। इससे तेंदुए के आने की आशंका है। इधर तेंदुए के आने की खबर व गांव में मुनादी के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। ग्राम पंचायत रूद्री के नवागांव रोड में तेंदुए आने की खबर है। इसी गांव में न्यायाधीश निवास, कलेक्टर व एसपी बंगला भी है। थाना, पुलिस आरक्षी केन्द्र समेत कई सरकारी आवास संचालित है। साथ ही यहां कई निजी कालोनियां संचालित है, जहां हजारों की संख्या में लोग निवासरत है। ऐसे में तेंदुए के आने से खतरा बढ़ गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top