RAJASTHAN

फिर सक्रिय होगा नया पश्चिम विक्षोभ, बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां, 25 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम

जयपुर, 1 जून (Udaipur Kiran) । प्रदेश में सोमवार से नया पश्चिम विक्षोम सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 25 शहरों में दोपहर बाद आंधी-बारिश की संभावना है। आंधी-बारिश का यह दौर आगामी 3-4 दिन चल सकता है। इससे प्रदेश के शहरों के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। ऐसे में आमजन को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं रविवार को 4 शहरों को छोड़कर बाकी शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट श्रीगंगानगर के तापमान में 5 डिग्री दर्ज की गई। 41 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 30.7 डिग्री के साथ चूरू-बीकानेर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जैसलमेर, जयपुर, कोटा और चूरू का दिन का तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। प्रदेश के शहरों के दिन के तापमान में 1 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बीकानेर और चूरू के अलावा बाकी शहरों का रात का पारा 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार को कोटा, उदयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई। शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। 2 जून से पुनः एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी बारिश की गतिविधियां में पुनः बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 2 से 5 जून के दौरान दोपहर बाद तेज मेघगर्जन, आंधी (50-60किमी प्रतिघंटा) बारिश बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर कोटा उदयपुर संभाग में दर्ज होने की प्रबल संभावना है। आगामी 4-5 दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री से नीचे दर्ज होने की संभावना है। वहीं शनिवार को राज्य में कहीं कहीं पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा कामां(भरतपुर) में 10 मिमी दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता औसत मात्रा 35 से 85 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई।

जयपुर में छाए रहे हल्के बादल, चली हवाएं , पारे में हल्की गिरावट

जयपुर में सुबह हल्के बादल छाए रहे। इसके बाद बादल छट गए और धूप खिली। दोपहर बाद फिर आसमान में हल्के बादल नजर आए। जयपुर में दिनभर मध्यम गति की हवाएं चली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट तो वहीं रात के पारे में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top