
चंडीगढ़, 27 जनवरी (Udaipur Kiran) । हरियाणा के वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आगामी छह माह में हरियाणा में अरावली क्षेत्र में लगभग 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी का शिलान्यास किया जाएगा। एनसीआर क्षेत्र में जंगल सफारी स्थापित करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रिम प्रोजेक्ट है।
वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह साेमवार काे रोहतक चिड़िया घर में सिंह शावक नामकरण समारोह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने इलेक्ट्रिक कार्ट में सवार होकर चिड़िया घर का भ्रमण किया तथा चिड़िया घर में रखे गए पशु-पक्षियों का अवलोकन किया। उन्होंने चिड़िया घर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सफेद तोता भी लेकर आएं, जो उन्होंने मॉरिसस की घाटी में देखा था।
उन्होंने एशिया शेर के तीन नर तथा चार मादा सहित सात शावकों में से चार शावकों का नामकरण किया। उन्होंने नर शावकों को चैतन्य व वीरु नाम दिया तथा तीसरे नर शावक को संजू नाम दिया। उन्होंने दो मादा शावकों को दीया व नव्या नाम दिया। एक मादा शावक को उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने चंचल नाम दिया तथा चौथी मादा शावक का अन्नू नाम रखा गया। उन्होंने नन्हें शावक को गोद में उठाकर दुलारा तथा चिड़िया घर परिसर में पौधरोपण भी किया।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने गत दिनों शारजाह में एक हजार एकड़ में स्थापित की गई विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी का अवलोकन किया है, जो काफी सुन्दर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में जंगल सफारी स्थापित करके ने बारे में उनके ड्रीम प्रोजेक्ट को सांझा किया था। हरियाणा में अरावली क्षेत्र में10हजार एकड़ में विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी स्थापित की जाएगी। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे प्रतिवर्ष10प्रतिशत काबली कीकर को हटाकर उनके स्थान पर त्रिवेणी या जलवायु अनुकूल पौधे लगाए जाए।
उन्होंने बजट के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि मुख्यमंत्री विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं तथा विचार-विमर्श के बाद आम लोगों की सुविधा के दृष्टिगत बेहतर बजट प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार द्वारा निरंतर जनहित में कार्य किए जा रहे हैं। देश व प्रदेश की जनता ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर मोहर लगाते हुए जनादेश दिया है। जनता कार्यों के आधार पर ही जनादेश देती है। विपक्ष का कार्य सिर्फ सरकार की आलोचना करना है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
