
झाबुआ, 9 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । समर्पण निधि एकत्र करने का कार्य केवल धन संग्रह करना ही नहीं, अपितु एक अनुष्ठान है, इसलिए इस अनुष्ठान को पूर्णता प्रदान करने हेतु सभी कार्यकर्ताओं को समर्पण भाव से जुटना होगा। भाजपा ही मात्र एक ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं के दम से चलती है और इसलिए पार्टी का हर लक्ष्य पूरा हो रहा है।
उक्त विचार जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), भानू भूरिया द्वारा व्यक्त किए गए हैं। वे भाजपा के आगामी कार्यक्रमों के संबंध में रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कामकाजी बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मणसिंह नायक ने की। आयोजित बैठक में जिला महामंत्री कृष्णपालसिंह गंगाखेडी, सोमसिंह सोलंकी, पुर्व जिला अध्यक्ष मनोहर सेठिया, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय एवं भाजपा मीडिया प्रभारी योगेन्द्र नाहर सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत भाजपा के पितृ पुरुषों पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
आयोजित बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भुरिया ने आगे कहा कि समर्पण निधि एकत्रित करने की शुरुआत सबसे पहले मध्यप्रदेश से स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे ने की थी, और बाद मे इसे राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित किया गया। समर्पण निधि एकत्र करने का कार्य केवल संग्रह मात्र ही नहीं अपितु यह एक अनुष्ठान है, इसलिए इस अनुष्ठान को पूर्णता प्रदान करने हेतु सभी कार्यकर्ताओं को समर्पण भाव से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं के दम से चलती है और इसलिए पार्टी का हर लक्ष्य पूरा हो रहा है।
बैठक के बाद भूरिया ने पत्रकारों को बताया कि आजीवन सहयोग निधि समर्पित करने के लिए जिले मे हर मंडल के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है, और इसके लिए मंडल प्रभारी भी बनाए गए है। सभी मंडलों मे मार्च से पहले इस कार्य को पूर्णता प्रदान करने हेतु कहा गया है। बैठक मे जहां आजीवन सहयोग निधि (समर्पण निधि) के अधिक से अधिक संग्रह करने पर चर्चा हुई, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की भी समीक्षा
की गई।
—————
(Udaipur Kiran) / उमेश चंद्र शर्मा
