Madhya Pradesh

इंदौर में 51 लाख पौधे लगाए जाने का रिकॉर्ड बनाने का कार्य अभूतपूर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

- मुख्‍यमंत्री ने इंदौर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत वृहद पौध-रोपण समारोह को किया सम्बोधित
- मुख्‍यमंत्री ने इंदौर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत वृहद पौध-रोपण समारोह को किया सम्बोधित

– मुख्‍यमंत्री ने इंदौर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत वृहद पौध-रोपण समारोह को किया सम्बोधित

भोपाल, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मालवा में डग-डग रोटी पग-पग नीर की कहावत है। यहां अनगिनत वृक्ष हुआ करते थे, जो काल के प्रवाह में खत्म होते चले गए। मालवा में कई सारी नदियां जैसे -चंबल, शिप्रा, गंभीर और अन्य सात नदियां इंदौर से निकलती हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ 10 पुत्रों के समान होता है। इस प्रकार से इंदौर में आज 51 लाख पौधे लगाए जाने का जो रिकॉर्ड बनाया जा रहा है वह अभूतपूर्व है। यह बात मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को इंदौर के रेवती रेंज परिसर में आयोजित एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत 11 लाख वृक्षारोपण के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मालवा की संस्कृति में प्रकृति के साथ मेलजोल बनाकर रखने का रिवाज है। एक पेड़ माँ के नाम अभियान ने बहुत व्यापक रूप ले लिया है। अभियान अंतर्गत इंदौर में 51 लाख, भोपाल में 40 लाख और उज्जैन में 10 लाख पौधे लगाए जा रहें हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से सभी को शुभकामनाएं दी।

इंदौर में 51 लाख पौधे हर वर्ष लगाए जाएंगे : मंत्री विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर शहर प्रधानमंत्री मोदी जी का दीवाना है। प्रधानमंत्री के हर संकल्प में इंदौर की भागीदारी रहती है। मोदी जी ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम लगाना है। इंदौर की जनता ने फैसला किया है कि इस संकल्प को पूरा करेंगे। इंदौर की जनसंख्या 30 लाख है लेकिन हम 51 लाख पौधे लगाएंगे। इतना ही नहीं हमारा अनुमान है कि 60 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंदौर क्लीन सिटी के नाम से जाना जाता है। वह भी प्रधानमंत्री मोदी जी का सपना था। स्वच्छ भारत मिशन के तहत इंदौर ने देश को नई दिशा दी और अब प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रीन इंदौर की कल्पना की है, जिस पर ग्रीन इंदौर का संदेश देने वाला शहर बनने जा रहा है। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री का पत्र आया, यह पत्र भाव भरा पत्र है, जिसे पढ़कर मेरी आंखों में आंसू आ गए। हमारा इंदौर प्रधानमंत्री के लिए कृतज्ञ है। उन्होंने ग्रीन सिटी बनाने का आशीर्वाद दिया है। अब हम हर साल 51 लाख पौधे लगाएंगे।

इंदौर का नाम विश्व पटल पर स्थापित होगा : मंत्री सिलावट

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान का संकल्प लिया जिसे 140 करोड़ लोग पूरा करने में लगे हुए हैं। मध्यप्रदेश में साढ़े पांच करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसी क्रम में 51 लाख पौधे इंदौर में लग रहे हैं। 11 लाख पौधे लगाकर इंदौर विश्व पटल पर रिकार्ड बना रहा है। असम में 9 लाख पौधे का रिकार्ड बना था अब माँ अहिल्या की नगरी इंदौर का नाम विश्व पटल पर स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सात बार क्लीन सिटी का रिकार्ड बना है। अब इंदौर ग्रीन सिटी बनने जा रहा है।

हरियाली में नंबर वन शहर बन रहा है इंदौर : महापौर पुष्पमित्र भार्गव

महापौर इंदौर नगर निगम पुष्पमित्र भार्गव ने कहा कि देश के सबसे स्वच्छ शहर, सबसे स्मार्ट शहर अपनी एयर क्वालिटी इंडेक्स को इंप्रूव कर अब हरियाली में नंबर वन बन रहा है। हम विश्व रिकार्ड की ओर बढ़ रहे हैं। इंदौर ने जनभागीदारी से स्वच्छता के मॉडल को प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा किया है। ग्रीन सोलर एनर्जी को बढ़ा रहे हैं। एक साथ 51 लाख पौधे लगाने का अभियान प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से चल रहा है। एक पेड़ माँ के नाम अभियान में भी इंदौर शहर नया कीर्तिमान बनाने जा रहा है।

पौध-रोपण का यह पुनीत अभियान इंदौर को विश्व के नक्शे पर लाएगा : अभिनेता हुड्डा

अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान में शामिल होकर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की पहल पर 24 घंटे में 11 लाख पौधे रोपने का यह पुनीत अभियान इंदौर को विश्व के नक्शे पर अलग पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण की रक्षा के साथ हमारे स्वास्थ्य के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हैं।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत तोमर

Most Popular

To Top