

रामगढ़, 9 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
मौसम ने करवट ली और ठंड की मार भी लोगों पर पढ़ने लगी। तापमान में आई अचानक गिरावट के बाद आम जन जीवन प्रभावित हो गया। सोमवार की सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और लगातार बारिश होती रही। कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। पूरे जिले में कोहरे व धुंध ने यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी। शाम 5 बजते ही लोग ठंड से बचने के लिए घरों में दुबक गए। यहां तक कि लोग जरुरी काम पड़ने पर भी घरों से निकलने में कतराते रहे। बुजुर्गों और बच्चों का ठंड से बुरा हाल है। बारिश और कोहरे की वजह से भीड़ से पटे रहने वाले बाजार और सड़क भी सुनसान थे। सोमवार को न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक शशिकांत चौबे ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। आसमान में अगले 48 घंटे तक बादल छाए रहेंगे और रुक रुक कर बारिश होती रहेगी। उन्होंने बताया कि बादल छंटते ही तापमान में और भी गिरावट होगी। जिसकी वजह से ठंड काफी बढ़ेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
