
देहरादून, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । इस वर्ष की हेमकुंड साहिब यात्रा निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने पर हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने यात्रा व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री धामी द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों के प्रति भी उनका आभार जताया।
हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष बिंद्रा ने बारिश के दौरान यात्रा मार्गों को त्वरित रूप से आवाजाही के लिए खोले जाने को लेकर राज्य सरकार एवं चमोली जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चारधाम सहित हेमकुंड यात्रा प्रदेश के पर्यटन की रीढ़ है। यहां आने वाले यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से देश-दुनिया में सुखद यात्रा का संदेश गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार जताया। बिंद्रा ने बताया कि इस वर्ष हेमकुंड साहिब यात्रा 25 मई को प्रारंभ हुई थी और 10 अक्टूबर को यात्रा का समापन हुआ था।
(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण
