Uttrakhand

भारतीय सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने को लहराया तिरंगा

पाकिस्तान में भारतीय सेना की लक्षित कार्रवाई के समर्थन में भारत माता की जय के नारे लगाते भाजपा कार्यकर्ता।

नैनीताल, 7 मई (Udaipur Kiran) । देश की सीमाओं की रक्षा में समर्पित भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से दुष्मन देश पाकिस्तान में अदम्य शौर्य व पराक्रम के साथ की गयी लक्षित कार्रवाई को नमन करते हुए नगर के बड़ा बाजार क्षेत्र में बुधवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की की पहल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय सेना के जवानों के प्रति सम्मान व कृतज्ञता प्रकट करते हुए तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय के नारे लगाये गये।

श्री कार्की ने कहा कि वर्तमान दौर में जब भारत सशक्त नेतृत्व के साथ तेजी से प्रगति कर रहा है, सेना का मनोबल भी लगातार ऊंचाई प्राप्त कर रहा है। बीते वर्षों में सेना ने जिस प्रकार दुश्मनों को करारा उत्तर दिया है, उसने यह सिद्ध किया है कि भारत अब किसी भी प्रकार की चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है। मंगलवार की रात्रि की गयी लक्षित कार्यवाही ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश अब आतंकी गतिविधियों को सहन नहीं करेगा।

यह अवसर देशवासियों की ओर से उन रणबांकुरों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिये है, जिनकी सतर्कता और बलिदान से हम सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। इस अवसर पर मनोज जोशी, हरीश राणा, युवराज, भुवन जोशी, अतुल पाल, आनंद बिष्ट, राहुल नेगी, मनोज, शैलेश बिष्ट, भारत मेहरा, निखिल बिष्ट, कैलाश मिश्रा, विकास जोशी, गोविंद सिंह, कन्हैया लाल गुप्ता, मोहित साह सहित अनेक देशप्रेमियों ने नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सेना के उत्साहवर्धन का आह्वान किया।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top