Madhya Pradesh

ग्वालियर: शहर का तापमान अब 35 डिग्री के पास

ग्वालियर, 21 सितम्बर (Udaipur Kiran) । बारिश थमते ही तापमान में फिर से वृद्धि होने लगी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पास चला गया। मौसम विभाग के अनुसार विदाई की वेला में जाते-जाते मानसून बोनस में कुछ और बारिश कर सकता है। 23 सितम्बर या इसके बाद ग्वालियर एवं चंबल संभाग में बारिश हो सकती है।

पिछले तीन दिन से बादलों का घनत्व कम होने से अच्छी खासी धूप निकल रही है। इस वजह से तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 34.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तरी राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है जबकि गुना के ऊपर से मानसून की अक्षय रेखा गुजर रही है। इस कारण फिलहाल बादल आते-जाते रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम है। अगले दो से तीन दिन में पश्चिमी राजस्थान और कच्छ से मानसून वापसी की शुरुआत हो सकती है। इसी बीच पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में ताजा निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। यदि यह मानसून प्रणाली मध्य प्रदेश की ओर आगे बढ़ी तो ग्वालियर एवं चंबल संभाग सहित मध्य प्रदेश के कुछ और भागों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top