Haryana

जींद: तेज आंधी के साथ आई बारिश ने किसानों के माथे पर उकेरी चिंता की लकीरें

दिन के समय लाइट जला कर चलते वाहन।

जींद, 11 अप्रैल (Udaipur Kiran) । शुक्रवार को तेज आंधी के साथ आई बारिश ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उकेर दी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 45 प्रतिशत तथा हवा की गति 14 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आकाश में बादलवाई बनी रहेगी। बूंदाबांदी की भी संभावना है। तेज आंधी से होर्डिंग तथा बोर्ड उखड़ गए कर सड़कों पर जा गिरे। बिजली गुल हो गई।

आलम यहां तक रहा कि दिन में अंधेरा छा गया। हवा कि गति भी 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा पहुंची। वाहन लाइट जला कर सड़कों पर रेंगते दिखाई दिए। कुछ स्थानों पर बिजली के पोल तथा टांसफार्मर भी टूट कर नीचे गिर गए। बाद में बारिश ने आंधी से राहत दिलाई। मौसम के तेवरों से लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पडा। मौसम के बिगड़े तेवरों से किसानों के माथे पर बल साफ देखने को मिले। किसानों का कहना है कि ऐसे हालातों में मौसम का खराब होना फसलों के लिए खतरा है। कहीं मौसम के बिगड़े तेवर उनकी फसलों का बंटाधार न कर दें। मौसम वैज्ञानिक डा राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने करवट ली है। शनिवार को भी आकाश में बादलवाई बनी रहने की संभावना है। किसान कृषि कार्य मौसम को ध्यान रख करे।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top