Uttar Pradesh

संभल हिंसा भड़काने वाला शख्स 100 दिन बाद भी पुलिस पकड़ से दूर

संभल हिंसा

संभल, 09 मार्च (Udaipur Kiran) । जिले में भीड़ को उकसाकर हिंसा फैलाने के मामले में लंबी दाढ़ी वाले शख्स काे 100 दिन बाद भी पुलिस नहीं पकड़ सकी है। इस हिंसा

से जुड़े 75 उपद्रवियों को पुलिस गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। इनमें चार आरोपित महिलाएं भी शामिल हैं।

विवादित जामा मस्जिद व हरिहरनाथ मंदिर में सर्वे के दौरान 24 नवंबर 2024 को तीन स्थानों पर हिंसा भड़की थी। पहला बवाल विवादित जामा मस्जिद के नजदीक हुआ था, जहां पांच लोगों की जान चली गई थी। दूसरा बवाल नखासा तिराहे पर हुआ था, जहां पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई थी। तीसरी हिंसा हिंदूपुरा खेड़ा में हुई थी, जहां पुलिस के अधिकारियों पर उपद्रवियाें ने जानलेवा हमला किया था।

हिंसा की इस घटना के बाद एक लंबी दाढ़ी वाले एक शख्स का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह नारेबाजी करते हुए और अपने लोगों को उकसाकर आगे बुलाते हुए देखा जा रहा था। दाढ़ी वाला शख्स ही भीड़ में सबसे पहले उग्र हुआ था। इससे यह भी स्पष्ट हुआ था कि आरोपित अकेला नहीं था, इसके साथ अन्य लोग भी थे, जिनके भड़काने पर भीड़ उग्र हाे गई थी।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि संभल हिंसा के जो भी आरोपित फरार है, उनकी गिरफ्तारी को लेकर आसपास के जिलों में तलाश जारी है। वहीं पुलिस की टीमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान आदि प्रदेशों में भी दबिश दे रही हैं। फरार आरोपितों के सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा कराए गए हैं।

—————————————

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top