Uttrakhand

प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर हरियाणा की जनता ने लगाई मुहर, संजय गुप्ता बाेले- नायाब साबित हुए नायब सिंह

संजय गुप्ता

हरिद्वार, 08 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा चुनाव में भाजपा की बंपर जीत और जीत की हैट्रिक से गदगद वरिष्ठ भाजपा नेता व लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अथक प्रयासों का परिणाम बताया। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता व जनता की जीत बताया।

नायब सिंह सैनी को जीत की बधाई देते हुए संजय गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों को एक बार फिर से जनता ने अपना आशीर्वाद देकर यह साबित कर दिया है कि भाजपा ही देश का विकास करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल दुष्प्रचार कर जनता में भ्रम फैलाने का कार्य किया और सत्ता पाने के लिए घृणा व जाति की नीति पर अमल किया, लेकिन हरियाणा की जनता से उसे सिरे से नकारते हुए कांग्रेस को आईना दिखा दिया।

उन्होंने कहा कि नायब सिंह विधानसभा चुनाव में नायाब साबित हुए। गत 10 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा का चहुंमुखी विकास किया। युवा, किसान, दलित पिछड़ों आदि के लिए जो कार्य भाजपा ने किए, उसी के चलते जनता ने भाजपा को लगातार तीसरी बार अपना आशीर्वाद दिया। भाजपा की जीत से उत्साहित भाजपा नेता संजय गुप्ता ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर इसी प्रकार से भाजपा का परचम लहराते रहने की कामना की।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top