Chhattisgarh

मतदान कराने आज रवाना होगा दल

कलेक्टाेरेट कार्यालय धमतरी।

धमतरी, 9 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । नगरीय निकाय चुनाव के लिए जिला प्रशासन की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में नगर निगम धमतरी समेत पांच नगर पंचायतों में चुनाव होना है, जहां 160 मतदान केन्द्र है। इन केन्द्रों में 11 फरवरी की सुबह से मतदान शुरू हो जाएगा, इसके लिए 10 फरवरी की सुबह से स्ट्रांग रूम से चुनाव ड्यूटी में लगे करीब 700 अधिकारी-कर्मचारियों के मतदान दलों को शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए रवाना किया जाएगा।

कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित चुनाव शाखा से मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को नगर निगम धमतरी में महापौर व पार्षद तथा नगर पंचायत आमदी, भखारा, नगरी, मगरलोड और नगर पंचायत कुरूद में नगर पंचायत अध्यक्ष तथा पार्षद पदों के लिए मतदान होना है। नौ फरवरी की रात 12 बजे से चुनाव प्रचार थमने के बाद अब मतदान की तैयारी में जिला प्रशासन जुट गई है। जिले के छह नगरीय निकायों में कुल 160 मतदान केन्द्र है, जिसमें नगर निगम धमतरी में अकेला 83 मतदान केन्द्र है। इसी तरह पांच नगर पंचायतों में भी अलग-अलग मतदान केन्द्र है, जहां शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए 10 फरवरी की सुबह से धमतरी शहर में बनाए स्ट्रांग रूम से मतदान ड्यूटी में लगे करीब 700 अधिकारी-कर्मचारियों को ईवीएम समेत अन्य चुनाव सामाग्री के साथ वाहनों से रवाना किया जाएगा। मतदान दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारी सुबह से स्ट्रांग रूम में पहुंच जाएंगे, जहां से उन्हें निर्वाचन सामाग्री मिलने के बाद रवाना किया जाएगा। मतदान केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दल के साथ पुलिस, नगर सैनिक व कोटवार भी जाएंगे, क्योंकि इस बार चुनाव प्रचार के लिए बाहर से किसी तरह फोर्स नहीं पहुंचा है। शांतिपूर्ण चुनाव कराने इनकी जिम्मेदारी है।

एक लाख 11357 शहरी मतदाता करेंगे मतदान: नगर निगम धमतरी के 40 वार्डाें में महापौर व पार्षपद पद के लिए मतदान होगा। यहां कुल 73033 मतदाता है, जिसमें महिला मतदाता 38304 और पुरूष मतदाता 34727 और दो थर्ड जेंडर मतदाता है। इसी तरह नगर पंचायत आमदी में 15 वार्डाें के लिए मतदान होना है, यहां कुल 5756 मतदाता है, जिसमें महिला 2975 व पुरूष मतदाताओं की संख्या 2781 है। नगर पंचायत कुरूद में 15 वार्डाें में चुनाव होगा, यहां कुल मतदाताओं की संख्या 11255 है, जिसमें महिला मतदाता 5818 और पुरूष मतदाता 5437 है। इसी तरह नगर पंचायत मगरलोड में कुल 15 वार्डाें में 4947 मतदाता है, जिसमें 2557 महिला व 2390 पुरुष मतदाता है। वहीं नगर पंचायत भखारा और नगरी में भी 15-15 वार्डाें के लिए मतदान होना है। इस तरह पूरे जिले में 115 वार्डाें में एक लाख 11357 शहरी मतदाता हैं।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top