RAJASTHAN

उत्तरी हवाओं से गिरा प्रदेश का पारा, आगामी दिनों में छाए रहेंगे बादल

मोसम

जयपुर, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तर भारत से आ रही हवाओं ने प्रदेश के पारे में ठंडक घोल दी है। प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन और रात के पारे में गिरावट आई है। प्रदेश के चार शहरों का दिन का पारा 30 से नीचे और 3 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बारां के रात के पारे में सबसे ज्यादा 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बारां का रात का पारा 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। 7 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही।

मौसम विभाग के अनुसार 25.4 डिग्री के साथ प्रदेश में माउंट आबू का दिन सबसे ठंडा रहा है। इसके अलावा झुंझुनूं, फतेहपुर और सीकर का दिन का पारा 30 एवं संगरिया और फतेहपुर की रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश में फलौदी शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया।

दक्षिण-पूर्वी संभाग में छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान ने 3 से 7 डिग्री, न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री गिरावट दर्ज हुई है। अधिकांश हिस्साें में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया। राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में 31 मार्च से 3 अप्रेल को बादल छाए रहने व उदयपुर-कोटा संभाग में 2-3 अप्रेल को कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आगामी 24 घंटो में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने, तत्पश्चात 3-4 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। 3 अप्रेल को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में तापमान 40 डिग्री व 5-6 अप्रेल को 42 डिग्री से ऊपर दर्ज होने की प्रबल संभावना है।

जयपुर में छाए रहे बादल, गिरा पारा

जयपुर में अलसुबह से शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर मध्यम गति की हवाएं चली। इससे मौसम में हल्की ठंडक घुल गई। लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.8 और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल आगामी दिनों में जयपुर के मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top