
नई दिल्ली, 05 मई (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने सोमवार को मयूर विहार फेज एक में वरिष्ठ नागरिकों के मनोरंजन केंद्र का शिलान्यास किया। इस मौके पर उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय मंत्री एवं पूर्वी दिल्ली सांसद हर्ष मल्होत्रा, शाहदरा दक्षिणी जोन अध्यक्ष संदीप कपूर उपस्थित थे।
राजा इकबाल ने बताया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा बनाये जा रहे इस वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र में बुजुर्गों को मनोरंजन और खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जिससे उन्हें एक-दूसरे से जुड़ने और अनुभव साझा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के निर्माण का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अकेलेपन को दूर करना है। यहां वे अपना दुख-सुख दूसरों के साथ साझा कर सकते हैं और अपना समय आनंद, मस्ती और खुशी के साथ बिता सकते हैं ।
उल्लेखनीय है कि यह वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र का निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जायेगा। इस केंद्र में बुजुर्गों के बैठने की व्यवस्था लाइब्रेरी और मनोरंजन व इंडोर खेल का सामान रहेगा। बुजुर्गों के लिए टॉयलेट ब्लॉक का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही ओपन स्पेस भी रखा गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
