HEADLINES

बाजार ने हमारा किचन बिगाड़ दिया है और स्वाद ने शरीर : डॉ. खादर

बाजार ने हमारा किचन बिगाड़ दिया है और स्वाद ने शरीर : डॉ खादर

कुमारगंज (अयोध्या), 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । मिलेट्स मैन के नाम से ख्यात पद्मश्री डाॅ. खादर वली ने कहा कि मिलेट्स स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद आहार है। खानपान हमारी बीमारियों की जड़ हैं। उचित आहार का उपयोग कर हम बीमारियों से बचाव कर सकते हैं।

डाॅ खादर आज यहां नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में स्वस्थ भारत अभियान के 9वें स्थापना दिवस अवसर पर ‘अमृतकाल में भारत का स्वास्थ्य एवं आहार परम्परा’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी को बतौर मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बाजार ने हमारा किचन बिगाड़ दिया है और स्वाद ने शरीर। जानते समझते हुए भी फास्ट फूड खाकर हम बीमार हो रहे हैं और जीवनभर की कमाई डाॅक्टरों को सौंप कर कंगाल हो रहे हैं। हमें आने वाली पीढ़ियों की जिन्दगी सुरक्षित बनाने के लिए मिलेट्स को अपने भोजन में अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि खेती का उद्देश्य खाने के लिए होना चाहिए, बेचने के लिए नहीं। शरीर स्वस्थ रहेगा तो किसी भी उपाय से पैसा कमाया जा सकता है लेकिन शरीर खराब रहेगा तो संसार का सारा ऐश्वर्य धरा का धरा रह जाएगा। इसलिए किसानों को अपनी सोच बदलनी होगी। मिलेट्स की खेती के लिए आगे आना होगा। मिलेट्स का रकबा बढ़ाना होगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि देश को निरोग डाॅक्टर नहीं किसान बना सकते हैं। डाॅक्टर बीमारियों को दवा देकर दबा देते हैं जबकि मिलेट्स बीमारियों को जड़ से समाप्त कर देता है। इसीलिए हमारे प्रधानमंत्री श्रीअन्न को बढ़ावा देने की वकालत करते हैं। देश स्वस्थ बनेगा तो समाज खुशहाल बनेगा।

उन्होंने कहा कि वर्षों से हमारे किसान भाई धान और गेहूं की खेती करते रहे हैं। इसमें पानी की खपत ज्यादा होती है। नतीजा यह है कि पानी पाताल में जा रहा है। कई जगह जल संकट या कहें कि सूखे के हालात बनते जा रहे हैं। मिलेट्स की खेती में पानी की खपत कम होती है और उपज भी अधिक होती है।

इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद एवं अवसर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ आरके सिन्हा ने बताया कि मिलेट्स की खेती के लिए हर तरह की जमीन उपजाऊ होती है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स की उत्पादकता बढ़ाने के लिए उसकी तीन बार 21 दिन, 42 दिन और 63 दिन पर छंटाई करनी जरूरी है। मिलेट्स हमारी रक्त कोशिकाओं को साफ करता है और उसे मजबूत बनाता है।

कार्यक्रम को अयोध्या के महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ विजेन्द्र सिंह, जामनगर के भू-वैज्ञानिक डाॅ हितेश जाॅनी ने भी संबोधित किया।

(Udaipur Kiran) पाण्डेय

(Udaipur Kiran) / पवन पाण्डेय / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top