
भाेपाल, 8 मई (Udaipur Kiran) । राजधानी भोपाल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया अस्पताल से गुरुवार सुबह एक कुख्यात कैदी फरार हो गया है। कैदी अस्पताल में आंखों की जांच के लिए लाया गया था, जहां वह हवालदार की निगरानी में मौजूद था। आरोपी रेप और पॉक्सो केस में जेल भेजा गया था। कोर्ट ने उसे मरते दम तक कैद में रहने की सजा सुनाई थी। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी अनुसार भोपाल सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा रेप का सजायाफ्ता कैदी अमर उर्फ गुड्डू गुरुवार सुबह हमीदिया अस्पताल से फरार हो गया। अमर वर्ष 2017 से नाबालिग से बलात्कार के मामले में दोषी करार दिया गया था और कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह पिछले कई वर्षों से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि उसकी आंखों में वाइटनेस की समस्या थी, जिसके चलते उसे फॉलोअप चेकअप के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया था। सुबह करीब 11 बजे मौका देखकर उसने एएसआई दिनेश कुमार को चकमा देकर हथकड़ी से हाथ निकाला और भाग खड़ा हुआ। आरोपी शांति नगर का निवासी था। कैदी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी राकेश भांगरे के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही शहरभर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आरोपी का पुराना पता हबीबगंज थाना क्षेत्र के मानसरोवर झुग्गी में बताया गया है, जहां पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने अमर उर्फ गुड्डू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दी है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया गया है।
बता दें कि एएसआई दिनेश की कस्टडी से पहले भी कैदी भाग चुका है। जिसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया था। लेकिन बहाल होते ही उसे दोबारा उसी काम पर लगा दिया गया। ऐसे में पुलिस विभाग पर भी कई प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
