Haryana

भगवान परशुराम के आदर्श और संदेश हमें सही मार्ग पर चलने की देते हैं प्रेरणा: नायब सैनी

कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री नायब सैनी

प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा

समाज की संस्था को 51 लाख रुपये देने की भी की घोषणा

रोहतक, 30 मई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव पहरावर में गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को कैंपस-III के शिक्षण संस्थानों के निर्माण कार्यों हेतु प्रदेश सरकार की ओर से मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जितना पैसा समाज इन संस्थानों के लिए एकत्रित करेगा, उससे ज्यादा की राशि हरियाणा सरकार द्वारा मैचिंग ग्रांट के रूप में प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं शुक्रवार को जिला रोहतक के गांव पहरावर में भगवान परशुराम की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाज की संस्था को 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा रखी गई अन्य मांगों को भी विभागों को भेजकर उनकी फिजिबिलिटी चैक करवाकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया जाएगा। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने 61 करोड़ 23 लाख रुपये लागत की कुल 9 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इनमें 54 करोड़ 26 लाख रुपये लागत की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 6 करोड़ 97 लाख रुपये लागत की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है।सीएम सैनी ने भगवान परशुराम जयंती, सिख गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस और अरूट महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सभी महापुरुषों ने धर्म की स्थापना, सामाजिक एकता, सद्भाव और संस्कृति के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। इनकी जीवनयात्रा हम सभी को सदा धर्म पथ पर चलने और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

भगवान परशुराम को पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और एक महान समाज सुधारक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने ब्राह्मण होते हुए भी शस्त्र धारण कर अन्याय और अधर्म का नाश किया। भगवान परशुराम जी का जीवन हमें यही संदेश देता है कि ज्ञान और बल का संतुलन ही समाज को सही दिशा में आगे ले जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भूमि वीरता, विद्या और परंपरा की जननी रही है। भगवान परशुराम जी ने कहा था कि धर्म की रक्षा के लिए यदि शस्‍त्र भी उठाना पड़े तो वह भी तपस्या का ही एक रूप है।

सहकारिता और विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसानों, मज़दूरों, गरीबों के हितैषी और 36 बिरादरी के नेता हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण सभी समाज के लिए होते हैं, इसलिए आज के इस कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों की भागीदारी हुई है।

(Udaipur Kiran) / अनिल

Most Popular

To Top