
सतना, 9 मई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के सतना में बीती 28-29 अप्रैल की दरमियानी रात थाना परिसर में बदमाश की गोली मारने से घायल हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग ने शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हेड कांस्टेबल का दिल्ली के मैक्स अस्पताल में ईलाज चल रहा था, जहां उन्हाेंने अंतिम सांस ली। हेड कांस्टेबल काे गाेली मारने वाला आराेपी पहले ही गिरफ्तार हाे चुका है। पुलिस अब उस पर हत्या का केस भी दर्ज करेगी।
दरअसल 28-29 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 12 बजे सतना के जैतवारा थाना परिसर में नकाब पहने आराेपी आदर्श शर्मा ने हेड कांस्टेबल प्रिंस को गोली मारी थी। गोली प्रिंस के कंधे के पास लगी थी। आदर्श मौके से फरार हो गया था। प्रिंस को पहले संजय गांधी अस्पताल, रीवा फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 7 मई को सेहत बिगड़ने पर रात 1:20 बजे पीएम श्री एयर एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली एयर लिफ्ट किया गया था। शुक्रवार सुबह 8 बजे दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके कॉलर बोन में इन्फेक्शन बढ़ता जा रहा था। प्रिंस के छोटे भाई प्रशांत तिवारी ने कहा कि सीटी स्कैन में शरीर के अंदर गोली नहीं मिली थी। चिकित्सा मंत्री से लेकर आईजी, कलेक्टर, एसपी सभी लोग उनकी हालत पर नजर बनाए थे। बावजूद इसके यह नहीं पता कर पाए कि उनकी कॉलर बोन में इन्फेक्शन बढ़ता जा रहा है। जब हालत गंभीर हुई तो 7 मई की देर रात उन्हें रीवा से दिल्ली एयर लिफ्ट किया गया।
प्रिंस को गोली मारने वाला आदर्श शर्मा शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रिंस पर हमला करने वाला आदर्श बाइक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज था। अब उस पर हत्या का केस चलेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
