Uttar Pradesh

यूपी में डबल इंजन की सरकार को कानून व्यवस्था के बारे में सोचना चाहिए : संजय सिंह

सांसद संजय सिंह प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए

लखनऊ, 28 मई (Udaipur Kiran) । आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि अभी हाल ही में आगरा के एक मंदिर में पांच साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना, सहारनपुर में छेड़खानी से तंग आकर एक लड़की के ज़हर खाने जैसी तमाम घटनाएं योगी सरकार के महिला सुरक्षा के दावे की पोल खोलता है।

यूपी प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि गौरक्षा के फ़र्ज़ी मामले बनाकर जिस तरह लोगों को खुलेआम मारा पीटा जा रहा है, वो लोगों में आपराधिक प्रवृति और कानून व्यवस्था का मज़ाक बनाने की प्रवृति को बढ़ावा दे रहा है। अलीगढ़ में 25 मई को चार लोगों को गौमांस ले जाने का झूठा आरोप लगाकर जानवरों की तरह पीटा गया। आज रिपोर्ट भी आ गई की जिसे गौमांस बताकर गुंडों ने पीटा वो गौमांस नहीं था। योगी आदित्यनाथ क्या यही है आपके क़ानून का राज? आखिर गौ रक्षा के नाम पर इन लोगों को गुंडागर्दी करने का लाइसेंस किसने दिया?

उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि आखिर उत्तर प्रदेश को क्या बनाना चाहते हैं? मुख्यमंत्री योगी बड़े-बड़े दावे करने के बजाय प्रदेश की कानून व्यवस्था के बारे में सोचना चाहिए। यूपी में डबल इंजन की सरकार है और दोनों इंजन काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे मामलों में प्रदेश सरकार को एक फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर जल्द से जल्द इन अपराधियों को सजा दिलाना चाहिए, जिससे यह बाकी लोगों के लिए भी नजीर बने।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top