Bihar

लालू यादव के राज में अपरहण उद्योग की नींव पड़ी और संगठित अपराध को बढ़ावा मिला: अशोक चाैधरी

राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के बाद इंजीनियरिंग काॅलेजों की सीटें भर जाएगी: सुमित

पटना, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चाैधरी ने पटना एम्स के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना पर निंदा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि घटना में संलिप्त अपराधी चाहे किसी भी रशुखदार का भाई या भतीजा हो वह कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता है। वह शुक्रवार काे जदयू कार्यालय में जनता दरवार के बाद पत्रकाराें से बात कर रहे थे।

मंत्री ने तेजस्वी यादव काे चुनौती देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव एक भी ऐसे अपराधी का नाम बताएं जिसे आज बिहार में सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। उन्हाेंने कहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विगत 19 वर्षों में संगठित अपराध पर विराम लगाने का काम किया है। वर्तमान में जो भी आपराधिक घटनाएं घटित हो रही है, उसके मूल में आपसी विवाद है। साथ ही आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव के राज में अपरहण उद्योग की नींव पड़ी और संगठित अपराध को बढ़ावा मिला। 15 वर्षों के शासन में 118 जातीय नरसंहार और 2 जेल ब्रेक कांड हुआ लेकिन तत्कालीन सरकार इसको रोकने में पूरी तरह से विफल रही। वहीं, नीतीश सरकार के 19 वर्षों के शासनकल में एक भी नरसंहार या जेल ब्रेक जैसी कोई घटना नहीं हुई।

जनता दरबार में उपस्थित विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि बिहार के इंजीनियरिंग काॅलेजों में सीटें खाली रहने की खबर महज अफवाह है। अभी केवल अखिल भारतीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट प्रकाशित हुआ है। राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा पूरी होने के बाद हमारी सारी सीटें भर जाएगी। इंजीनियरिंग काॅलेजों में सीटें खाली होने की आधी-अधूरी खबर को हवा दिया जा रहा है, जो कि कहीं से भी उचित नहीं है। जनता दरबार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

इस मौके पर पार्टी के वरीय नेता प्रो नवीन आर्या चंद्रवंशी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / चंदा कुमारी / चन्द्र प्रकाश सिंह

Most Popular

To Top