
नई दिल्ली, 24 फरवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज से शुरु हुए पहले विधानसभा सत्र को सच्ची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बहाली का दिन बताया।
वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दस साल से दिल्ली में विधानसभा के सत्र तो होते थे, पर आम आदमी पार्टी (आआपा) के माध्यम से केवल मनमानी आराजकता फैलाई जाती थी।
उन्होंने कहा कि सदन में विपक्ष को उचित सम्मान लोकतंत्र की पहली सीढ़ी होती है। खेदपूर्ण है कि दस साल विधानसभा में विपक्ष की आवाज को कुचला गया।
सचदेवा ने कहा कि भाजपा की दिल्ली सरकार विधानसभा की प्रतिष्ठा एवं लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के सम्मान के प्रति कृतसंकल्प रहेगी।
उन्होंने कहा कि ये विधानसभा का ऐतिहासिक सत्र है। विपक्ष को आराजक मानसिकता से बाहर आना चाहिए। सभी को बराबर अवसर मिलेगा। दस साल में जो नही हुआ, अब इस सत्र में उसे किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की आठवीं विधानसभा के पहले सत्र में आम आदमी पार्टी की 14 लंबित रिपोर्ट भी पेश की जाएंगी।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
