
– राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया
भोपाल, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। उनके निधन से देश भर में शोक की लहर है। आम से लेकर खास तक उनके निधन पर उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहा है। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रतन टाटा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि रतन टाटा के निधन से देश ने एक दूरदर्शी उद्योगपति और एक सच्चे देशभक्त को खो दिया है।
राज्यपाल पटेल ने गुरुवार को शोक संदेश में कहा कि रतन टाटा एक महान उद्योगपति और समाजसेवी थे। उनका निधन भारतीय उद्योग जगत और समाज के लिए बड़ी क्षति है। रतन टाटा ने भारतीय उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है। उनकी विरासत हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। राज्यपाल पटेल ने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और दुख की इस घड़ी में उनके परिजन, मित्रों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
(Udaipur Kiran) तोमर
