Madhya Pradesh

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार तरक्की कर रहा है देशः डॉ. मोहन यादव

भाजपा कार्यालय में आयोजित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यशाला
संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यशाला

– भाजपा सरकार विरासत को संवारने के साथ विकास कर रही हैः मुख्यमंत्री

भोपाल, 03 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारें विरासत को संवारने के साथ विकास का काम कर रही हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है और भारत विकसित देशों के श्रेणी में चौथे पायदान पर पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 2014 में सत्ता संभालने के बाद से सत्ता को जनता की सेवा का माध्यम बनाकर निरंतर हर क्षेत्र और वर्ग के कल्याण के कार्य कर रहे हैं। देश में आज विरासत को संजोकर विकास का कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री की जनहितैषी योजनाओं के बल पर आज भारत विकसित देशों के श्रेणी में चौथे पायदान पर पहुंच गया है। आज का भारत मोदी के नेतृत्व में सशक्त व सक्षम राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने है।

उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए कायराना आतंकवादी हमले के बाद देश की सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवाद के परस्त पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने का संकल्प प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार हुआ है। भगवान श्रीराम का मंदिर भी बना और तीन तलाक को समाप्त कर दुनिया को दिखाया। आज देश के 140 करोड़ से अधिक जनता हमारे साथ है। कांग्रेस ने आजादी के बाद से ही हिन्दू और मुस्लिम वर्ग में फूट डालकर उनको लड़ाने का कार्य किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने हर वर्ग की उन्नति के लिए कार्य किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार निरंतर प्रदेश के विकास का कार्य कर रही है। हम सभी कार्यकर्ता राष्ट्रवादी दल के सदस्य हैं। हमारा प्रत्येक त्यौहार से सांस्कृतिक संबंध है, इसलिए मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार हर त्यौहार को आनंद के साथ जनता के साथ मिलकर मना रही है। मध्य प्रदेश वह राज्य है जहां जनसंघ के समय से हमारे पार्टी की विजय पताका फहराती आई है। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित हैं। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ भाजपा की सरकार आगे बढ़ रही है। देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिये जा रहे हैं। देश भर में सबसे पहले एयर एंबुलेंस मध्य प्रदेश में चलाई, जिससे जनता को तुरंत स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले ने जल सरंक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे भारत में पहला स्थान हासिल किया है। हमारी सरकार ने प्रदेश में 30 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण का कार्य करने में लगी हुई है, ताकि पानी की एक-एक बूंद को सहेजा जा सके।

कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के कामों के आधार पर हमें लगातार जीत मिल रही है। 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, तो उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस के दुरावस्था के दौर के खिलाफ मिली है और जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। दूसरी बार जब सरकार बनी, तो उन्होंने कहा कि यह जीत गरीब कल्याण की योजनाओं के कारण जनता के जीवन में आए बदलाव के कारण मिली है। तीसरी बार लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार हम अपने संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनाव जीतेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इतिहास रच दिया। बूथ के कार्यकर्ताओं की ताकत परिदृश्य बदल सकती है और सदस्यता अभियान से लेकर अन्य अभियानों में कार्यकर्ताओं ने यह करके भी दिखाया है।

शर्मा ने कहा कि 9 जून से ‘सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ अभियान शुरू होने जा रहा है, साथ इस माह में अन्य कार्यक्रम भी होंगे। यह हमारे लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने का अवसर है। कोई भी बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल छूट न जाए, इसके लिए योजना बनाकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि 25 जून को आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर सभी जिलों में पार्टी कार्यक्रम कर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेगी और जनता को बताएगी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर किस प्रकार देश के लोकतंत्र का गला घोटा था। आज राहुल गांधी भी भोपाल में हैं। मध्य प्रदेश की जनता राहुल गांधी से पूछना चाहती है कि कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला क्यों घोंटा था। राहुल गांधी को मध्यप्रदेश की जनता के सवाल का जवाब देना चाहिए।

कार्यशाला को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पार्टी की प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार एवं भगवानदास सबनानी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, कांतदेव सिंह, सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत मंचासीन रहे। प्रशिक्षण बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों के जिला संयोजक उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top