RAJASTHAN

निगम ने अधिकारियों को दिया राइजिंग राजस्थान से पूर्व शहर को चमकाने का टास्क

निगम

जयपुर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम हेरिटेज आयुक्त अरुण कुमार हसीजा ने मंगलवार को निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयुक्त अरुण कुमार हसीजा ने राइजिंग राजस्थान आयोजन को लेकर सभी निगम अधिकारियों को शहर की साफ सफाई से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। आयुक्त अरुण हसीजा ने कहा कि राइजिंग राजस्थान आयोजन में देश – विदेश से आमंत्रित अतिथियों का जयपुर आना प्रस्तावित है। ऐसे में अतिथियों को शहर की भव्य सुंदर दिखें। इसके लिए सभी पर्यटक स्थलों पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ की जाएं। विशेष तौर पर दिल्ली रोड, आमेर, जलमहल, जय निवास उद्यान, पौंड्रिक पार्क, ताल कटोरा आदि पर्यटन स्थलों पर वाल पेंटिंग, सफाई व्यवस्था, रोड डिवाइडर पर पौधों की छंटाई इत्यादि कार्य पूरे कर लिए जाएं। आयुक्त अरुण हसीजा ने निगम की इंजीनियरिंग विंग को भी सड़क, डिवाइडर, जाली से संबंधित मरम्मत के कार्य भी समय पूर्व करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आयुक्त अरुण हसीजा ने दिल्ली रोड पर सड़क पर अस्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस प्रशासन से साथ संयुक्त अभियान चलाने के लिए भी उपायुक्त सतर्कता शाखा को निर्देश दिया।

आमजन की पेंडिग समस्याओं का जल्द करें निस्तारण

वहीं, बैठक में आयुक्त अरुण हसीजा ने सभी जोन उपायुक्त और अन्य अधिकारियों को आमजन की पेंडिग समस्याओं को जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। आयुक्त अरुण हसीजा ने कहा कि ऑनलाइन या ऑफ लाइन तरीके से आई शिकायतों का जल्द निस्तारण किया जाएं। जिससे कि आमजन को राहत मिलें। वहीं आयुक्त अरुण हसीजा ने सभी जोन उपायुक्त को वार्डो के हाजिरीगाह में निरीक्षण कर कर्मचारियों को फेस स्कैनर मशीन से हो रही हाजिरी चेक करने के भी निर्देश दिए, साथ ही जिन कर्मचारियों का फेस स्कैनर मशीन पर रजिस्टर्ड नहीं हुआ, उनका रजिस्ट्रेशन भी कराने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव, उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवन कुमार वर्मा, जोन उपायुक्त व अन्य निगम अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top