Madhya Pradesh

कांग्रेस का चरित्र महिला विरोधी और इतिहास महिला उत्पीड़न का रहा है: वीडी शर्मा

भोपाल , 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । उज्जैन में महिला के साथ फुटपाथ पर हुई दुष्कर्म की घटना के बाद से ही राजनीतिक बयानबाजी का दाैर तेज हाे गया है। कांग्रेस आक्रामक भूमिका में आ गई है और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साध रही है। कांग्रेस के आराेपाें पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार किया है। उन्हाेंने कहा है कि कांग्रेस का चरित्र महिला विरोधी और इतिहास महिला उत्पीड़न का रहा है। कांग्रेस झूठ, भ्रम और गलत तथ्यों के आधार पर परसेप्शन बनाती है।

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शनिवार काे भाजपा प्रदेश कार्यालय में गणेश प्रतिमा स्थापना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस सरकार में हुई महिला उत्पीड़न की घटनाएं प्रियंका गांधी को क्यों दिखाई नहीं देती? उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने ही दुराचारियों को फांसी देने का कानून बनाया है। कांग्रेस मध्यप्रदेश को बदनाम करना चाहती है। जीतू पटवारी को घेरते हुए शर्मा ने कहा कि पटवारी बताएं, किसकी सरकार ने किसानों को धोखा दिया था? मुलताई में किसानों पर गोलियां किस मुख्यमंत्री ने चलवाई थीं? शर्मा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों के जीवन में बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह तुष्टिकरण की राजनीति कर आदिवासियों एवं पिछड़े वर्ग का हक छीनने का प्रयास कर रहे हैं।

इससे पहले बाजार से गणपति बप्पा की प्रतिमा भाजपा कार्यालय लेकर जाते समय प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने घर पर भी गणपति को विराजने के लिए गणेश प्रतिमा ली है और पार्टी कार्यालय में भी हर साल की तरह पूजन होगा। शर्मा ने कहा कि आज गणेश उत्सव का पहला दिन है, सभी लोग अपने घरों में आज से दस दिनों के लिए गणपति की प्राण प्रतिष्ठा कर रहे हैं। उसी के निमित्त वे भी बाजार में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे घर में भी गणेश भगवान की प्रतिमा विराजित होगी और बीजेपी कार्यालय में भी गणपति विराजेंगे। देश-प्रदेश में समृद्धि बनी रहे, ऐसी श्रीगणेश से कामना है। उन्होंने कहा कि आज मैंने एक स्थानीय कलाकार से मिट्टी से बनी प्रतिमा ली है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का नारा दिया था। उसी को हम सब साकार करने में जुटे हुए हैं। श्री गणेश सब की समृद्धि करें ऐसी कामना करते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top