

रामगढ़, 27 मई (Udaipur Kiran) । सरना धर्म कोड और आदिवासी धर्म कोड लागू करने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया है। रामगढ़ में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सुभाष चौक पर एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान केंद्र सरकार से सरना धर्म कोड लागू करने की मांग की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर आदिवासियों के साथ छल करने और उन्हें अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया।
धरना का नेतृत्व कर रहे पार्टी के जिला संयोजक मंडली के प्रमुख विनोद किस्कू ने कहा कि बिना सरना धर्म कोड लागू किए झारखंड में जातीय जनगणना करना झारखंड के आदिवासियों के साथ धोखा होगा। जिसे झारखंड मुक्ति मोर्चा बर्दाश्त नहीं करेगी। झारखंड सरकार की ओर से सरना धर्म कोड और आदिवासी धर्म कोड विधेयक को विधानसभा से पारित किया गया था। राज्यपाल के माध्यम से केंद्र सरकार के पास अनुमोदन के लिए भेजा गया था। परंतु लगभग पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद केंद्र सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया । अब पार्टी इस मुद्दे पर खुलकर सामने आ गई है। जब तक सरना धर्म कोड लागू नहीं होता, जातीय जनगणना का विरोध होता रहेगा। इस धरना में विनोद कुमार महतो, केंद्रीय सदस्य राजकुमार महतो, भुन्नू महतो, सोनाराम मांझी, चित्रगुप्त महतो, महेंद्र मुंडा, हरिलाल बेदिया, बरतु करमाली, गीता विश्वास, महेश ठाकुर, खुर्शीद आलम, संतोष कुमार, सागीर हुसैन, दीपक टुडू, सतीश मुर्मू सहित कई लोग शामिल थे।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
