Assam

नदी से दो अज्ञात पुरुष और महिला के शव बरामद

कार्बी आंगलोंग (असम), 12 जून (Udaipur Kiran) । असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले के हावड़ाघाट थाना अंतर्गत यमुनागांव के दिगल पानी नदी में गुरुवार को दो अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी में एक महिला और एक पुरुष का शव तैरते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हावड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर थाना ले गई। घटना के बाद यमुनागांव समेत पूरे हावड़ाघाट क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत महिला ने चादर-मेखेला पहना हुआ था, जबकि पुरुष के शरीर पर गमछा था। इससे संदेह जताया जा रहा है कि दोनों मृतक संभवतः आदिवासी या जनजातीय समुदाय से हो सकते हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव नदी में कहां से बहकर आए। अंतिम सूचना मिलने तक दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत पुरुष की उम्र करीब 40 वर्ष और महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी गई है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top