नई दिल्ली, 18 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । दक्षिण पूर्व जिले के मदनपुर खादर इलाके में कुछ लोगों द्वारा पथराव व फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। 42 सेकंड के इस वीडियो में 20 से ज्यादा लड़के चेहरे पर कपड़ा बांध कर पत्थरबाजी व गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल, कालिंदी कुंज थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने के बाद तीन आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली गई है। इनमें संजीव (20), सुधांशु (20) और अमन हैं।
पुलिस ने अमन के पास से एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। दक्षिण पूर्व जिले के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि 16 फरवरी की रात मदनपुर खादर जेजे कॉलोनी ए-2 ब्लॉक में कुछ लड़कों द्वारा पत्थर फेंकने व गोली चलाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर कोई नहीं मिला। गली में पत्थर फैले हुए थे। इस बीच पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए वायरल एक वीडियो मिला। उसमें कई लड़के उपद्रव करते हुए दिखाई दे रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दो गुटों में झगड़ा हुआ था। उसके बाद आरोपितों ने दूसरे गुट के लोगों की गली में पत्थर फेंके और गोली चलाई।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
