CRIME

पुलिस को चकमा देकर आरोपी हुआ फरार

ऊना, 23 सितंबर (Udaipur Kiran) । नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में नामजद एक आरोपी कांगड़ा पुलिस को गगरेट में चकमा देकर फरार हो गया। कांगड़ा पुलिस आरोपी को लुधियाना से पकड़ कर ला रही थी कि गगरेट में एक ढाबे के समीप आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। कांगड़ा पुलिस अभी भी गगरेट के साथ लगते जंगल की खाक छान रही है लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी कांगड़ा पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था।

कांगड़ा जिले के बैजनाथ पुलिस थाना में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में एक आरोपी पोक्सो एक्ट के तहत नामजद था। जो पुलिस के शिकंजे में नहीं आ रहा था। बैजनाथ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लुधियाना में छुपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर बैजनाथ पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में लुधियाना गई और आरोपी को टीम ने धर दबोच लिया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर वापिस बैजनाथ को जा रही थी कि गगरेट के समीप उक्त टीम आरोपी के साथ ब्रेकफास्ट करने एक ढाबे पर बैठ गई। बताया जा रहा है कि टीम अभी परांठे खा रही थी कि आरोपी आधा परांठा खाने के बाद उठा और उसने ढाबे की विपरीत दिशा में सड़क से करीब पच्चीस फुट नीचे छंलागा लगा दी। इसके बाद ढाबे पर अफरातफरी मच गई। जब तक पुलिस टीम आरोपी का पीछा करती तब तक आरोपी पुलिस की आंखों से ओझल हो चुका था। इसके बाद से ही कांगड़ा पुलिस गगरेट के साथ सटे जंगल की खाक छानती रही लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा था। अहम बात यह है कि इस बावत कांगड़ा जिला के उच्च पुलिस अधिकारियों को कोई जानकारी तक नहीं थी।

एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर सिंह ने बताया कि बैजनाथ पुलिस की एक टीम पोक्सो एक्ट में नामजद एक आरोपी की तलाश में लुधियाना गई थी। रास्ते में क्या हुआ अभी इसकी जानकारी नहीं है। वह इस बावत जानकारी जुटा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Most Popular

To Top