RAJASTHAN

हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दस दमकलों ने मिलकर सुबह तक पाया काबू

जोधपुर, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । शहर के निकटवर्ती बोरानाडा क्षेत्र में एक हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है। आगजनी में लाखों का नुकसान हो गया। नगर निगम की दमकलों के साथ बोरानाडा से दमकलों को बुलाया गया। शनिवार तडक़े साढ़े पांच बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।

शास्त्रीनगर फायर स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार बोरानाडा क्षेत्र तनावड़ा रोड पर एनआर इंटरनेशनल हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री स्थित है। यहां शुक्रवार रात करीब 11 बजे आग लगने की सूचना पर शास्त्रीनगर फायर स्टेशन से एक गाड़ी को रवाना किया गया। मगर आग की तीव्रता को देखते हुए वहां नागौरी गेट, बासनी और बोरानाडा से दमकलों को बुलाया गया। पूरा फैक्ट्री परिसर धुएं और आग की चपेट में आ गया था। फैक्ट्री परिसर को भी आग से बुरी तरह नुकसान पहुंचा है। फायर स्टेशनों से पहुंची दस दमकलों से मिलकर उस पर काबू पाया। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया पता नहीं लगा है, मगर आशंका है कि आग शार्ट सर्किट से लगने के बाद केमिकल तक पहुंची थी। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। आग से फैक्ट्री में रखा कच्चा पक्का मटेरियल जलकर नष्ट हो गया। फैक्ट्री का मालिक सुरजाराम पुत्र सुगनाराम प्रजापति बताया गया है। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top