Uttar Pradesh

पछुआ हवाओं से कानपुर में पांच डिग्री पहुंचा पारा, आ सकती है शीतलहर

मौसम की जानकारी देते मौसम वैज्ञानिक

कानपुर, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बर्फबारी से कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं ने मौसम में बदलाव ला दिया है। शुक्रवार को कानपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री पहुंच गया और लोगों को गलन महसूस होने लगी। मौसम विभाग का कहना है कि यह सर्द हवाएं लगातार अब तापमान को प्रभावित करेंगी और चार डिग्री तापमान आने पर शीतलहर भी आगामी दिनों में देखने को मिलेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने और पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद उत्तरी भारत के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। कानपुर में तो पांच डिग्री तापमान दर्ज किया गया और लगभग यही स्थिति पूरे उत्तर प्रदेश में हो गई है। इस ठंडक के चलते आगामी दिनों में शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है। हालांकि मैदानी इलाकों में शीतलहर की स्थिति तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और यह लगातार दो दिनों तक सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहे। इसके अलावा जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो, तो भी शीतलहर मानी जाती है। आगे कहा कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी वायुमंडल में उच्च पहाड़ियों पर बना हुआ है, लेकिन इसका मैदानी इलाकों पर प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। हां, अगले दो दिनों तक तापमान में और गिरावट रुक सकती है। हालांकि पहाड़ियों में साफ मौसम के बाद कानपुर मंडल में सप्ताहांत (14 से 16 दिसंबर) के बीच पारे में और गिरावट आ सकती है। इस दौरान शुष्क हवाओं की स्थिति तेज हो सकती है और इसका असर ज्यादा हो सकता है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 24.0 और न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 92 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 34 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 3.2 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों मे प्रातःकाल के समय हल्का कोहरा (हल्की धुन्ध) दिखाई देने के आसार हैं किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।

—————

(Udaipur Kiran) / अजय सिंह

Most Popular

To Top