Uttrakhand

शिक्षक प्रभात सिंह पुंडीर का अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता में चयन

प्रभात सिंह पुंडीर

रुद्रप्रयाग/देहरादून, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल-नवासू में कार्यरत व्यायाम शिक्षक प्रभात सिंह पुंडीर का चयन अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह जनपद से एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें प्रदेश की टीम में स्थान मिला है।प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से सिविल सर्विसेज के खिलाड़ी क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और कैरम जैसी स्पर्धाओं में भाग लेते हैं।

इसी कड़ी में अब, क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल के व्यायाम शिक्षक प्रभात सिंह पुंडीर का चयन हुआ है। राज्य स्तर पर ट्रायल के आधार पर चयनित क्रिकेट खिलाड़ी व व्यायाम शिक्षक प्रभात सिंह पुंडीर नई दिल्ली सचिवालय द्वारा 17 से 23 मार्च तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम से खेलेंगे। शिक्षक पुंडीर अपने कॉलेज जीवन में भी एचएनबी केंद्रीय विवि की टीम से नॉर्थ जोन स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं। साथ ही व्यायाम शिक्षक के तौर पर कार्य करते हुए बीते एक दशक से वह विद्यालय स्तर पर भी खेल प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा चुके हैं। इधर, मुख्य शिक्षाधिकारी प्रमेंद्र सिंह बिष्ट, जिला शिक्षाधिकारी बेसिक अजय कुमार चौधरी, राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष नरेश भट्ट ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक पुंडीर के चयन पूरे शिक्षक समाज सहित जनपद के लिए गौरव की बात है।—–

(Udaipur Kiran) / Vinod Pokhriyal

Most Popular

To Top