BUSINESS

टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन यूके नाइटहुड से सम्मानित 

टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का फाइल फोटो

नई दिल्ली, 14 फरवरी (Udaipur Kiran) । टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को ब्रिटेन और भारत के व्यापारिक संबंधों में उनके योगदान और सेवाओं के लिए ‘ब्रिटेन के सबसे उत्कृष्ट ऑर्डर (सिविल डिवीजन)’ सम्मानित किया गया है। इस सम्‍मान को नाइटहुड ‘मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ के नाम से भी जाना जाता है। ब्रिटिश सरकार ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

टाटा समूह ने जारी एक बयान में कहा कि हमारे चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को ब्रिटेन-भारत व्यापार संबंधों में योगदान के लिए चार्ल्स द्वारा मानद नाइटहुड प्राप्त करने पर बधाई। इस पुरस्कार पर समूह के चेयरमैन चंद्रशेखरन ने सम्मान प्राप्त करने के बाद किंग चार्ल्स तृतीय को धन्यवाद दिया।

चंद्रशेखरन ने इस सम्मान पर जारी अपनी प्रतिक्रिया में कहा, मैं इस प्रतिष्ठित मान्यता से बहुत अभिभूत हूं, जिसके लिए मैं किंग चार्ल्स का आभारी हूं। मैं यह व्यक्त करना चाहूंगा कि टाटा समूह में हम प्रौद्योगिकी, उपभोक्ता, आतिथ्य, इस्पात, रसायन और ऑटोमोटिव क्षेत्रों में यूके के साथ इतने मजबूत रणनीतिक संबंध बनाए रखने पर कितना गर्व महसूस करते हैं।

उल्‍लेखनीय है कि चंद्रशेखरन टाटा संस बोर्ड के अध्यक्ष हैं। ये कंपनी 100 से ज्‍यादा टाटा ऑपरेटिंग कंपनियों की होल्डिंग कंपनी और प्रमोटर है। इसका कुल सालाना राजस्व 100 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है। चंद्रशेखरन अक्‍टूबर 2016 में टाटा संस के बोर्ड में शामिल हुए और जनवरी 2017 में उन्हें अध्यक्ष नियुक्त किया गया। चंद्रशेखरन अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और जापान सहित भारत के द्विपक्षीय व्यापार मंचों पर सक्रिय सदस्य हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Most Popular

To Top