
रांची, 01 अप्रैल (Udaipur Kiran) । श्री महावीर मंडल रांची महानगर की ओर से मेन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप मंगलवार को सरहुल शोभा यात्रा के लिए भव्य स्वागत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें रांची के विभिन्न स्थानों से आने वाले शोभायात्रा में सम्मिलित विभिन्न अखाड़े के पाहन महिलाएं,बच्चे और बुजुर्गों को अंग वस्त्र देकर, माला पहनाकर और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महानगर के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि सरहुल पर्व प्रकृति पर्व है। हम सभी को प्राकृतिक संसाधनों को रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही सरहुल शोभायात्रा में सम्मिलित समस्त महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चों का शुद्ध पेयजल, फ्रूटी और टॉफी देकर श्री महावीर मंडल, रांची महानगर ने स्वागत किया। श्री महावीर मंडल महानगर की ओर से पांच अप्रैल को रात्रि आठ बजे से झांकी प्रतियोगिता और महानवमी की शोभायात्रा में सभी को सम्मिलित होने का आग्रह किया गया है।
इस आयोजन में श्री महावीर मंडल महानगर के अध्यक्ष कुणाल अजमानी, रमेश बाली, दिलीप सोनी, दिलीप स्वर्णकार, राजेश्वर राजन, रोहित शारदा, बादल सिंह, रोहित पांडे, रवि प्रकाश टुना, अमित गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य सम्मिलित थे।
————–
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
