
– स्व. सुशील मोदी की धर्मपत्नी जेसी सुशील मोदी ने राष्ट्रपति भवन में ग्रहण किया सम्मान
पटना, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । राजनीति के ज़रिए बिहार के विकास को नई दिशा देने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहे बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को मरणोपरांत सोमवार को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान उनकी धर्मपत्नी जेस्सी सुशील मोदी ने राष्ट्रपति के हाथों से ग्रहण किया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद जेस्सी मोदी ने कहा कि यह पूरे बिहार का सम्मान है। उनकी पत्नी का कहना है सुशील मोदी ने समाज के विभिन्न तबकों व लोगों के बीच काम किया और बिहार के विकास के लिए कई सामाजिक कार्य किए, जिनमें अस्पतालों और गरीब लोगों की मदद करना भी शामिल था। विशेष रूप से गरीबी रेखा से नीचे के लोगों के लिए… यह सम्मान उनके निधन से मिले लोगों के घावों पर दवा के रूप में भी काम करेगा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। खासकर उन युवाओं के लिए जिन्हें लक्ष्य निर्धारित करने और दिशा देने के लिए नेताओं की आवश्यकता होती है।
जेस्सी मोदी ने कहा कि मरणोपरांत सुशील कुमार मोदी को पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित करना दरअसल सुशील मोदी की पांच दशकीय सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन के समर्पण एवं सद्कार्य की पहचान का सम्मान है। इस सम्मान से भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं व सुशील मोदी को चाहने वालों के साथ मेरा परिवार भी हर्षित है। सुशील मोदी के इस सम्मान को बिहारवासियों को समर्पित कर मुझे अतिशय प्रसन्नता होगी, क्योंकि उनका सम्पूर्ण समर्पण बिहार के प्रति था।
जेस्सी मोदी और उनके पुत्र उत्कर्ष तथागत अक्षय अमृतांशु ने इसके लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व बिहार के मुख्यमंत्री , दोनों उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल का आभार जताते हुए कहा है कि इस सम्मान से भाजपा के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं का आत्मगौरव बढ़ेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / चंदा कुमारी
