HimachalPradesh

हिमाचल भाजपा ने वन नेशन-वन इलेक्शन के लिए बनाई समिति, सुरेश भारद्वाज होंगे प्रदेश संयोजक

भाजपा की संगोष्ठी

शिमला, 20 फरवरी (Udaipur Kiran) । ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बड़े चुनावी सुधार को लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार के कदम बढ़ाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश स्तर पर भी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में भाजपा ने एक समिति का गठन किया है, जिसमें वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता सुरेश भारद्वाज को इस समिति का प्रदेश संयोजक और विधायक जीत राम कटवाल को सह संयोजक नियुक्त किया है। इस समिति में कुल 13 अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, सचिव डेजी ठाकुर, कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी, सोशल मीडिया प्रभारी सुशील राठौर, व्यापार प्रकोष्ठ से रमेश छौजड़, पूर्व आईएएस जीसी शर्मा, शहरी निकाय प्रकोष्ठ के चमन कपूर, युवा मोर्चा से सुशील कडशोली, उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विकास राठौर, अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नितेन कुमार, विश्वविद्यालय से प्रो. डॉ. नितिन व्यास, पूर्व पार्षद विवेक शर्मा, पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय शर्मा और पूर्व प्रदेश सचिव सुनील मिनोचा का नाम शामिल है।

प्रदेश में होंगे जागरुकता अभियान

प्रदेश समिति ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ को लेकर प्रदेशभर में जागरुकता अभियान चलाएगी। इसी क्रम में सुरेश भारद्वाज ने पंजाब विश्वविद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में भाग लिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के फायदे गिनाए और इसे समय की जरूरत बताया।

बिल को मिल चुकी है केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी

केंद्रीय कैबिनेट ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय से इस विचार के समर्थक रहे हैं। वर्तमान में लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग समय पर होते हैं, जिससे बार-बार चुनावी प्रक्रिया से प्रशासनिक और आर्थिक बोझ बढ़ता है। इस प्रणाली के लागू होने से सभी चुनाव एक साथ होंगे जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top