Maharashtra

मुंबई, ठाणे, पालघर के लिए गर्मी का येलो अलर्ट

मुंबई, 22 अप्रैल (हि.सं.)। महाराष्ट्र के कई जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। समुद्री हवाएं चलने से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में थोड़ी राहत थी। लेकिन मुंबई सहित ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले के लिए मौसम विभाग ने गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। तेज धूप में घर से बाहर निकलते समय लोगों को सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। राजस्थान से गुजरात के रास्ते आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मुंबई और पड़ोसी जिलों के लिए गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। ठाणे और रायगढ़ के लिए बुधवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि हीटवेव की कोई घोषणा नहीं की गई है। गुरुवार को फिर मुंबई के तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है। स्काईमेट वेदर सर्विसेज के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार गर्म क्षेत्रों से उत्तरी हवाओं के आने के कारण अगले दो से तीन दिनों में तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है. वर्तमान में समुद्र से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने मुंबई में तापमान को नियंत्रित किया है. हालांकि जल्द ही उत्तरी हवाएं आने लगेंगी. उत्तरी हवाएं गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आएंगी, जिसके परिणामस्वरूप अगले दो से तीन दिनों में तापमान में वृद्धि होगी।

वर्तमान में महाराष्ट्र के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। कुछ इलाकों में पारा 40 डिग्री के पार कर गया है. यहां तक कि हिल स्टेशन भी तप रहे हैं। मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्मी सोलापुर में दर्ज की गई। सोलापुर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मुंबई के कोलाबा में 33.4 और सांताक्रूज में 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं ठाणे में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री, पालघर में 34.4 और रायगढ़ में 33.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। मंगलवार सुबह आर्द्रता के स्तर में भी सामान्य से 6 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई, जो 65 प्रतिशत के आस-पास रही।

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top