HimachalPradesh

आम जनमानस के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है सुक्खू सरकार : बाली

लोगों की समस्याएं सुनते हुए पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली।

धर्मशाला, 24 अगस्त (Udaipur Kiran)

लोगों की समस्याओं का उनके घर द्वार निपटारा करने के उद्देश्य से ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने अपने विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के बालू ग्लोआ, बड़ोह, सरोत्री, रढ़, पठियार, सेराथाना और रजियाना पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को पेश आ रही दिक्कत परेशानियों को विस्तार से सुना और समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। विधायक को अपने घर द्वार पर देखकर स्थानीय लोगों ने बहुत गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता आम लोग हैं। उन्होंने कहा कि आम जनमानस के हितों की रक्षा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश की महिलाएं, युवा, बुजुर्ग, किसान और बागवानों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा योजनाएं चलाई गई हैं।

बाली ने आज लगभग दो हजार लोगों से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना। लोगों ने बाली के समक्ष पानी, बिजली, रास्ते, डंगे, सड़क और स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं रखीं। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा किया और अन्य के त्वरित निवारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

विकास कार्यों के लिए मुहैया करवाया धन

आर.एस. बाली ने आज बालू ग्लोआ पंचायत के अंतर्गत जंज घर बनाने के लिए 2 लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने पानी की समस्या को दूर करने के लिए शिद्र में हैंडपंप लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा सरोत्री पंचायत में भी एक हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड के बड़ोह सर्कल के अंतर्गत लोगों को बिजली की अच्छी सुविधा देने के उद्देश्य से लगभग 60 लाख रूपए की राशि खर्च कर ट्रांसफार्मर और लाइन बदलने के कार्य किए गए हैं।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया शुक्ला

Most Popular

To Top