मंडी, 24 मई (Udaipur Kiran) शनिवार दोपहर बाद मंडी शहर के भियूली पुल से एक महिला के छलांग लगा देने से हड़कंप मच गया। दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे जब इस व्यस्त पुल से लोग काफी संख्या में आ जा रहे थे तो अचानक एक महिला पुल की रेलिंग पर चढ़ी और उसने नदी में छलांग लगा दी। नदी में इन दिनों बर्फ पिघलने से खून जमा देने वाला ठंडा व तेज पानी है। जैसे ही इस महिला को नदी में छलांग लगाते कुछ लोगों ने देखा तो साहस दिखा कर उसे कुछ मीटर दूरी पर मांडव शिला के पास पकड़ लिया गया और पानी से बाहर निकाल कर तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की पहचान सुधा पुरी जोगिंदरनगर के तौर पर हुई है जो एक डेयरी चलाती थी। परिवार द्वारा सोशल मीडिया पर डाली जानकारी के अनुसार सुधा पुरी दिन के एक बजे जोगिंदरनगर से अचानक लापता हो गई थी। उसे परिजन इधर उधर तलाश कर रहे थे मगर इसी बीच छलांग लगा देने की खबर आग की तरह फैल गई और पता चला कि जोगिंदरनगर से सीधे मंडी पहुंच कर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
गौरतलब है कि जोगिंदरनगर से मंडी का सफर दो अढाई घंटे का ही है। ऐसे में माना जा रहा है कि वह बस से मंडी पहुंची और सीधे नदी में कूद गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी में रखा है। मौत को उसने क्यों गले लगाया इसके कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अपनी जान देने के लिए 56 किलोमीटर दूर मंडी को ही क्यों चुना। इन सब सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं।
—————
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
